कला आश्रम काॅलेज ऑफ़ परफोर्मिंग आर्ट्स, उदयपुर में होली उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कला आश्रम फाउण्डेशन के मुख्य प्रबन्धक न्यासी डाॅ. दिनेश खत्री ने नटराज की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्जवलन किया।

होली उत्सव कार्यक्रम का प्रारम्भ ईश वन्दना के साथ काॅलेज की छात्राओं ने किया। होली उत्सव श्रृंखला में सर्वप्रथम ताल-धमार की प्रस्तुति के साथ ही कृष्ण-राधा कवित अंग की सराहनीय प्रस्तुति तेजस्वीनी राणा, मितुला पाण्डे और प्रिशा गांधी ने दी। होली और फाग गायन की कड़ी में मधुरम खत्री ने सुरो की माला पिरोई तो सरगम और तराना प्रस्तुति से सभी को सम्मोहित कर दिया। कायरा अग्रवाल, गितिका समूह ने शिव शम्भो की आराधना के साथ होलीया में उड़े रे गुलाल…. की जबरदस्त ताल-लय मय प्रस्तुति से सभी को संगीत मय कर दिया। सभी छात्र-छात्राओं ने होली उत्सव पर एक से बढ़कर एक उत्कृष्ठ प्रस्तुतियां दी।

कार्यक्रम की संचालन व्यवस्था इन्द्रा कुंवर ने की। नृत्य के साथ तबला व हारमोनियम पर सूरज गन्धर्व व मधुरम खत्री ने साथ दिया। कला आश्रम काॅलेज ऑफ़ परफोर्मिंग आर्ट्स की प्रिन्सिपल डाॅ. सरोज शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दी।